News

किसानों को जल्द मिलेगी सहायता : (Date: 13-04-2025)

उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आंधी और असमय वर्षापात के कारण किसानों की फसलों को क्षति पहुंचने की आशंका है। सभी जिलों के जिलाधिकारियों से भौतिक सत्यापन कर वास्तविक फसल क्षति का आकलन करने को कहा गया है। इसके आधार पर सरकार मुआवजा एवं अन्य सहायता की व्यवस्था करेगी। जिलों से फसल क्षति की रिपोर्ट आते ही प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता देने की कार्रवाई त्वरित गति से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वेक्षण करें। नुकसान का विस्तृत आकलन कर मुख्यालय को शीघ्र सूचित करें। इसके आधार पर सरकार किसानों के लिए मुआवजा एवं अन्य सहायता की व्यवस्था करेगी। मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आंधी और असमय वर्षा के कारण फसलों को क्षति पहुंचने की आशंका है। सरकार स्थति का गहनता से मूल्यांकन कर रही है। आवश्यक राहत एवं सहायता कार्यों की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आपदा और अवसर दोनों समय में राज्य के किसानों के साथ सरकार खड़ी है। किसी भी स्थिति में हम अन्नदाताओं का अहित नहीं होने देंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्षम नेतृत्व में राज्य की सरकार किसानों को हरसंभव सहायता पहुंचाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनके नुकसान का उचित मुआवजा मिले।