खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का बिहार में भव्य शुभारंभ! (Date: 14-04-2025)
पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय 'संवाद' में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 के आधिकारिक 'लोगो' का अनावरण किया। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने 'शुभंकर' का रिमोट के माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर खेल सॉन्ग का शुभारंभ हुआ और खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार राज्य में इस राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का आयोजन हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को पटना में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन न केवल बिहार में खेल संस्कृति को मजबूत करेगा, बल्कि राज्य के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करेगा। यह महाकुंभ 4 मई से 15 मई 2025 तक पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर और बेगूसराय जिलों में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से 8,500 खिलाड़ी और 1,500 तकनीकी स्टाफ समेत कुल 10,000 लोग भाग लेंगे। मशाल गौरव यात्रा 15 अप्रैल से 2 मई के बीच राज्य के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का 'लोगो' बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना को दर्शाता है, जिसमें नारंगी और हरा रंग उत्साह और प्रकृति का प्रतीक है। शुभंकर 'गजसिंह', जो हाथी और सिंह का संयोजन है, राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहसी भावना का प्रतीक है। इसकी प्रेरणा पाल काल के दौरान नालंदा और बोधगया के मंदिरों व स्तंभों पर अंकित गजसिंह की मूर्तियों से ली गई है। यह शुभंकर न केवल एक प्रतीक है, बल्कि साहस, बुद्धिमत्ता और अनुशासन का जीवंत रूप है, जो युवाओं को प्रेरित करेगा।
डिज़ाइन में महाबोधि मंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय की झलक राज्य की ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत को दर्शाती है, जबकि पीपल वृक्ष, गौरैया और गंगेटिक डॉल्फिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं। "खेल के रंग, बिहार के संग!" सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि बिहार के खेल पुनर्जागरण का प्रतीक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री मांडविया का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर ने प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।