हर बूथ की मजबूती ही 2025 की जीत की गारंटी : विजय सिन्हा भाजपा कार्यशाला में बूथ सशक्तीकरण को लेकर बनी विशेष रणनीति (Date: 28-07-2025)
लखीसराय | जागरण संवाददाता
“हर एक बूथ की जीत ही हमारी विधानसभा और राज्य की जीत का रास्ता तैयार करती है। इसलिए कार्यकर्ता अभी से मतदाताओं के मिजाज को समझें, उनसे संपर्क करें और भाजपा की नीति व नीयत से उन्हें जोड़ें।” यह बातें बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित भाजपा के बूथ सशक्तीकरण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम की शुरुआत में भारत माता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ जीतने की रणनीति को वैज्ञानिक तरीके से लागू किया जाएगा।
कमजोर बूथों के लिए विशेष रणनीति
बैठक में प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक धर्मजय सिंह, तकनीकी सलाहकार अनिकेत गुप्ता, प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा और जिला प्रभारी संजय कुमार ने विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए बताया कि ऐसे बूथों की पहचान कर ली गई है, जहां एनडीए को अपेक्षित बढ़त नहीं मिलती थी। इन बूथों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और कार्यकर्ता योजना के अनुसार सक्रिय रूप से काम करेंगे।