News

डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन जन्मशताब्दी : कृषि मंत्री ने कहा- खाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा की ओर बढ़ने का समय (Date: 09-08-2025)

पटना। उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने महान कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन की जन्मशताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामीनाथन केवल वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि भारतीय कृषि क्रांति के महान मार्गदर्शक थे।

श्री सिन्हा ने कहा कि उनके वैज्ञानिक योगदान ने न केवल देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि करोड़ों किसानों के जीवन को भी संबल प्रदान किया।

उन्होंने बताया कि आज जब वैश्विक स्तर पर जैव विविधता की रक्षा की चर्चा हो रही है, तब डॉ. स्वामीनाथन उससे भी आगे बढ़कर ‘बायो-हैप्पीनेस’ की अवधारणा लेकर आए, जो किसान, पर्यावरण और समाज के बीच संतुलन का मंत्र है। यह विचार वर्तमान जलवायु चुनौतियों और बदलते कृषि परिदृश्य में और भी प्रासंगिक हो गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, लागत घटाने और उन्हें नई आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। डॉ. स्वामीनाथन के सिद्धांतों से प्रेरित होकर बिहार में कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर और तकनीक-सक्षम बनाने के ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछली पीढ़ी के वैज्ञानिकों ने खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की, लेकिन अब समय है कि देश निर्णायक रूप से पोषण सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़े।

अंत में, उन्होंने वैज्ञानिक समुदाय से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर संकल्प लें और डॉ. स्वामीनाथन के अधूरे कार्य को आगे बढ़ाते हुए कृषि क्षेत्र में समावेशी विकास को सुनिश्चित करें।