“झूठ की राजनीति करने वालों को जनता हमेशा जवाब देती है” – (Date: 10-08-2025)
पटना। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका नाम केवल एक ही स्थान — लखीसराय — से जुड़ा है और वे यहीं से मतदान करते रहे हैं तथा आगे भी करेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले उनका और उनके पूरे परिवार का नाम पटना (बैंकिपुर) विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में था। अप्रैल 2024 में उन्होंने लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में नाम जोड़ने और पटना से नाम हटाने के लिए आवेदन दिया था। 30 अप्रैल 2024 को ऑनलाइन डिलीशन फार्म भरा गया, जिसे प्रशासनिक कारणों से 27 जून 2024 को अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने बीएलओ को लिखित आवेदन दिया और उसकी रसीद भी उनके पास है।
उन्होंने कहा कि पिछली बार भी उन्होंने केवल लखीसराय से मतदान किया था और इस बार भी वही किया है। चुनाव आयोग ने स्वयं 1 सितंबर तक सभी राजनीतिक दलों और आम जनता को मतदाता सूची में सुधार, नाम जोड़ने या हटाने की सुविधा दी है। ऐसे में अनावश्यक विवाद खड़ा करने का कोई औचित्य नहीं है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने 2024 में ही नाम हटाने का आवेदन दे दिया था, फिर 2025 में इसे दोबारा जोड़ने का प्रश्न ही नहीं उठता। 5 अगस्त को पुनः नाम विलोपन का आवेदन दिया गया है। मेरी जन्मतिथि 05 जून 1967 सभी शैक्षणिक और शासकीय अभिलेखों में दर्ज है और उसी आधार पर लखीसराय की मतदाता सूची में 58 वर्षीय मतदाता के रूप में मेरा नाम दर्ज है।”
उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसमें उन्होंने सदैव ईमानदारी से प्रशासन को सहयोग किया है। लेकिन तेजस्वी यादव सच्चाई जानते हुए भी जनता को गुमराह कर रहे हैं। “जैसा कहावत है — चोर मचाए शोर, वैसा ही तेजस्वी जी कर रहे हैं। यह आचरण निंदनीय है और किसी संवैधानिक पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।”
उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिनका राजनीतिक करियर झूठ, भ्रम और भ्रष्टाचार पर टिका हो, वे ऐसे ही आरोप लगाते हैं। कांग्रेस और राजद पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जिन दलों ने दशकों तक देश और बिहार को भ्रष्टाचार, परिवारवाद और कुशासन दिया, वही आज लोकतंत्र की रक्षा का उपदेश देते फिर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए राजनीतिक हमले स्वाभाविक हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। “2005 से लेकर आज तक जनता की सेवा और विश्वास ही मेरी ताकत रही है। मैं था, हूं और हमेशा रहूंगा — आपका ईमानदार जनसेवक।”