जनकल्याण संवाद में बोले डिप्टी सीएम : मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार हो रहा बिहार का विकास (Date: 18-08-2025)
लखीसराय। प्रतिनिधि।
रविवार को पचना रोड स्थित संसार पोखर के सौंदर्याकरण एवं सीढ़ी घाट निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद नीलम देवी एवं शोभा रानी को नारियल फोड़कर शुभारंभ की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस कार्य से लखीसराय के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को नई पहचान मिलेगी तथा नगरवासियों को स्वच्छ एवं सुसज्जित स्थल उपलब्ध होगा।
शुभारंभ के बाद आयोजित जनकल्याण संवाद में उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने क्षेत्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर बदल रहा है और विकास की तेज़ राह पर आगे बढ़ रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि लखीसराय में विकास कार्यों की यह शुरुआत शहर के स्वरूप को बदलने के साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को भी नई पहचान देगी। यह प्रधानमंत्री और उपमुख्यमंत्री की जनसेवा भावना का परिणाम है।
इस मौके पर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष देवानंद साहू, जदयू जिलाध्यक्ष रामानंद मंडल, विधानसभा प्रभारी संजय सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, हिमांशु पटेल, अजय कुशवाहा सहित एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।