पीएम मोदी ने बोधगया से अमृत भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास- (Date: 23-08-2025)
गया/पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित कई केंद्रीय व राज्य मंत्री मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार में 13 हजार करोड़ रुपये की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद वे मुख्यमंत्री के साथ बेगूसराय गए, जहां गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया छह लेन पुल का उद्घाटन किया।
पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि नए भ्रष्टाचार निरोधी कानून के दायरे में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री भी शामिल होंगे। अगर कोई मंत्री या प्रधानमंत्री जेल जाता है और 30 दिन के भीतर जमानत नहीं मिलती, तो 31वें दिन उसे कुर्सी छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि अब जेल से सरकार चलाने का रास्ता बंद हो जाएगा।
जनसभा में पीएम मोदी ने लोगों से सवाल पूछे—“जो जेल जाए, क्या उसे कुर्सी पर बने रहना चाहिए? क्या वह जेल से सरकार चला सकता है?”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि बिहार में कानून का राज है और हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 10 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और 39 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए हैं। आगामी पाँच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।