दोहरेपन की मानसिकता से राजनीति कर रहे राजद-कांग्रेस : (Date: 26-08-2025)
पटना। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राजद और कांग्रेस दोहरेपन की मानसिकता से राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक को गलत बताया है, जबकि राहुल गांधी ने उस समय लालू प्रसाद पर आरोप तय होने के बाद भी उन्हें मंत्री बनाए रखने के लिए लाया गया अध्यादेश फाड़ डाला था।
श्री सिन्हा ने कहा कि आज राजद और कांग्रेस देश में सिद्धांत और शुचिता से विहीन राजनीति का प्रतीक बन चुके हैं। इन दलों का एकमात्र उद्देश्य जनता के बीच भ्रामक वातावरण बनाकर सत्ता पर काबिज होना है।
भ्रष्टाचार और अपराधीकरण पर प्रहार
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में भ्रष्टाचार और अपराधीकरण को रोकने के लिए वर्ष 1975 में 39वां संविधान संशोधन किया गया था। लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के साथ खुद को भी सुरक्षा कवच में शामिल कर लिया था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब 130वें संविधान संशोधन बिल के दायरे में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री सभी आएंगे। यह कदम राजनीति को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक बड़ा सुधार है।