पटना। राजधानी पटना के शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम निर्णय लिया गया है। पटना नगर निगम क्षेत्र में प्रधान मुख्य सड़कों की संख्या 24 से बढ़ाकर 43 कर दी गई है। इसके तहत राजधानी की 19 प्रमुख सड़कों को अपग्रेड किया गया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था, नगरीय नियोजन और आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस निर्णय को पटना के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में पटना को विकास की नई गति मिल रही है और शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित व सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार ठोस फैसले लिए जा रहे हैं।
सड़कों के अपग्रेड होने के साथ इन पर स्थित भवनों के संपत्ति कर में भी संशोधन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, प्रधान मुख्य सड़क घोषित होने से संबंधित क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नगर निगम को राजस्व में भी वृद्धि होगी, जिसका उपयोग शहरी सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।
नगर निगम का मानना है कि इस फैसले से सड़क चौड़ीकरण, बेहतर ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइटिंग और यातायात प्रबंधन जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सकेगा। इससे न केवल आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि राजधानी की छवि भी एक सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में और मजबूत होगी।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पटना को स्मार्ट, सुरक्षित और आधुनिक राजधानी के रूप में विकसित करना है। यह निर्णय उसी दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है, जिससे आने वाले समय में राजधानीवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।